प्रतापगढ़ से मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बाबरी ढांचे की जगह राम मंदिर देखकर सपा-कांग्रेस को पीड़ा

384 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, राम मंदिर, वक्फ, रोजगार और विकास के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा

लखनऊ/प्रतापगढ़, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने कभी अयोध्या में बाबरी ढांचे का समर्थन किया और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे आज राम मंदिर और हिंदू आस्था की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बाबरी ढांचे की जगह भव्य राम मंदिर का निर्माण होना ही सपा और कांग्रेस की सबसे बड़ी पीड़ा है।

राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस आज जिस कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, उसका उद्देश्य हिंदुओं की आस्था पर प्रहार करना है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आग्रह पर राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और जांच में “दूध का दूध, पानी का पानी” किया जाएगा।

‘वक्फ पर क्यों चुप हो जाते हैं विपक्ष के नेता’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सवाल किया कि जब वक्फ संपत्तियों के नाम पर हजारों हेक्टेयर भूमि के दुरुपयोग और बिक्री के आरोप सामने आए, तब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के मुंह पर “फेविकोल” क्यों लग गया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर लगातार बयान देने वाले नेता वक्फ के मामले में पूरी तरह मौन रहते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेताओं का राजनीतिक आचरण इतना विरोधाभासी हो गया है कि “उन्हें देखकर गिरगिट भी शर्माता होगा, क्योंकि वे उससे भी अधिक तेजी से रंग बदलते हैं।”

‘रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को अयोध्या पर बोलने का अधिकार नहीं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अतीत में रामभक्तों पर लाठी और गोली चलवाई, भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए, कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए तथा हिंदू धार्मिक स्थलों के विकास के बजाय कब्रिस्तानों की चारदीवारी पर धन खर्च किया, उन्हें आज अयोध्या और राम मंदिर पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या का समग्र विकास हुआ है। फोरलेन सड़कें, रेलवे कनेक्टिविटी, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, निषादराज रैन बसेरा, मां शबरी भोजनालय और राम की पैड़ी का भव्य विकास इसकी मिसाल हैं। विपक्ष के दुष्प्रचार के बावजूद लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।

‘पहले नौकरियों की नीलामी होती थी, अब पारदर्शी भर्ती’

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले “सैफई घराना” नौकरियों पर डकैती डालकर उनकी नीलामी करता था, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई 60,244 पुलिस कर्मियों की भर्ती में प्रतापगढ़ के भी सैकड़ों युवाओं को नियुक्ति मिली है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा चयन आयोग की परीक्षाओं में भी जिले के युवा चयनित हो रहे हैं।

प्रतापगढ़ के विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रतापगढ़ बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, सड़क संपर्क, धार्मिक स्थलों के विकास और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने जिले की तस्वीर बदल दी है।

उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग कॉलेज का भी निर्माण शुरू हो रहा है, जिससे जिले की बेटियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। मां बेल्हा देवी, मां चंद्रिका देवी तथा करपात्री महाराज से जुड़े स्थलों का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है।

सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसानों को मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, अटल आवासीय विद्यालय, ऑपरेशन कायाकल्प और एक जिला-एक उत्पाद जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को बिना ब्याज और बिना गारंटी पांच लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। वहीं बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जीतलाल पटेल, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, नगर पालिका परिषद बेल्हा की अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ‘मोती सिंह’, शिवाकांत ओझा, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, धीरज ओझा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *