समिट बिल्डिंग में फर्जी कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच का छापा, 100 से अधिक हिरासत में; विदेशी नागरिकों से साइबर ठगी का आरोप

समिट बिल्डिंग में फर्जी कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच का छापा, 100 से अधिक हिरासत में; विदेशी नागरिकों से साइबर ठगी का आरोप

 लखनऊ, 01 जुलाई। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित समिट बिल्डिंग में संचालित एक कथित फर्जी कॉल सेंटर पर क्राइम ब्रांच ने आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस का आरोप है कि यह गिरोह विदेशी नागरिकों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।

एडीसीपी क्राइम किरन यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और कई थानों की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सर्वर, हार्ड डिस्क समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर के माध्यम से विदेशों के नागरिकों को फर्जी तकनीकी सहायता, निवेश और अन्य बहानों से ठगी का शिकार बनाया जाता था। बरामद डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क और उसके संचालन की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

जांच एजेंसियां गिरोह के विदेशी संपर्कों, बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट और हवाला के माध्यम से हुए वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *