उरई/जालौन, 25 जून 2026 (यूएनएस)। जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह ने गुरुवार को उरई कोतवाली में तैनात सिपाही अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया। अरविंद का कसूर सिर्फ इतना था कि बुधवार रात उन्हें एक महिला सिपाही ने किस कर लिया। महिला सिपाही के साथ अरविंद का अफेयर बताया जा रहा है। दोनों साथ काम करते हैं। दोनों के बीच के ये निजी पल कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए, जिसमें महिला सिपाही कुर्सी पर बैठे अरविंद को किस करती नजर आ रही है। अरविंद कुर्सी से उठकर महिला सिपाही से दूरी बनाने की कोशिश भी करता दिखा। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एसपी ने अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया, जबकि महिला सिपाही को लेकर भी जांच बैठा दी गई है।
प्रयागराज निवासी अरविंद पटेल वर्ष 2018 बैच के सिपाही हैं। उनकी तैनाती उरई कोतवाली में है। अरविंद को मुंशी का कार्य सौंपा गया है। बुधवार रात उनकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में थी। वह कंट्रोल रूम में कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। तभी एक प्रशिक्षु महिला कॉन्स्टेबल सिविल ड्रेस में कंट्रोल रूम में आई। आते ही उसने कुर्सी पर बैठे अरविंद को पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद वह अचानक उन्हें किस करने लगी।
करीब दो मिनट के वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कॉन्स्टेबल की इस हरकत के बाद अरविंद काम छोड़कर कुर्सी से उठकर जाने लगता है, लेकिन महिला उससे बातचीत कर उसे रोक लेती है। इसके बाद मुंशी एक रजिस्टर फाइल के बीच से निकालकर ऊपर रखता है और फिर से कंप्यूटर पर काम करने का प्रयास करता है। इस दौरान महिला कॉन्स्टेबल फिर उसके पास आकर वही हरकत दोहराती है।
इसी बीच महिला कॉन्स्टेबल को किसी के आने की आहट सुनाई देती है तो वह गेट की तरफ जाती है। बाहर कोई नजर नहीं आता तो वह फिर से कंट्रोल रूम में अरविंद के पास आ जाती है। इस दौरान अरविंद फाइलें रखने लगता है। तब महिला कंट्रोल रूम में मुंशी के पास आकर कुर्सी पर बैठ जाती है।
कंट्रोल रूम के अंदर ड्यूटी के दौरान दोनों की हरकतों का वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय कुमार सिंह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच के दौरान मुंशी अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही महिला प्रशिक्षु कॉन्स्टेबल के खिलाफ भी जांच बैठा दी गई है। पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
