बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मुख्यधारा से जोड़ रही योगी सरकार

लखनऊ, 23 जून 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। शिक्षा सुधारों को संस्थागत मजबूती प्रदान करने और प्रत्येक विद्यार्थी को सुव्यवस्थित शैक्षणिक व्यवस्था से जोड़ने के क्रम में अब भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी), हरिद्वार से संबद्ध विद्यालयों के लिए यू-डायस प्लस कोड आवंटन तथा विद्यालय श्रेणी उन्नयन की प्रक्रिया को गति प्रदान की गई है।

यू-डायस प्लस कोड आवंटन और विद्यालय श्रेणी उन्नयन की प्रक्रिया को मिली गति

स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों को राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और उत्तरदायी शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल प्रशासन, तकनीक आधारित अनुश्रवण और डेटा प्रबंधन को लगातार मजबूत कर रही है। यू-डायस प्लस जैसी व्यवस्थाओं के विस्तार से शिक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा रहा है। भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को इस व्यवस्था से जोड़ने की पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने, अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक संगठित बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

महानिदेशक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के लिए नवीन यू-डायस प्लस कोड आवंटन तथा आवश्यकता के अनुसार विद्यालय श्रेणी उन्नयन की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन, सत्यापन और संस्तुति की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जिन विद्यालयों के पास अभी तक यू-डायस प्लस कोड उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें नया कोड आवंटित किया जाएगा। वहीं, जिन विद्यालयों को पूर्व में यू-डायस कोड प्राप्त है, उनके लिए मान्यता के अनुरूप विद्यालय श्रेणी उन्नयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक अभिलेखों, सत्यापन रिपोर्ट और संस्तुति सहित प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।

भारतीय शिक्षा बोर्ड, हरिद्वार द्वारा संचालित एवं संबद्ध विद्यालयों की ओर से यू-डायस प्लस पोर्टल पर नवीन कोड आवंटन और कक्षा उन्नयन संबंधी अनुरोध प्राप्त हुए हैं। इसके मद्देनजर शासन स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यालयों के यू-डायस प्लस प्रणाली से जुड़ने के बाद उनका शैक्षणिक डेटा राष्ट्रीय शिक्षा तंत्र में व्यवस्थित रूप से समाहित हो सकेगा। इससे नामांकन, शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा अभिलेख, छात्र-छात्राओं के आंकड़ों और अन्य शैक्षिक प्रक्रियाओं का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। साथ ही नीति निर्माण और शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।

प्रदेश सरकार का मानना है कि शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल एकीकरण और डेटा आधारित प्रशासन भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक मजबूत शिक्षा प्रणाली तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी उद्देश्य से बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मुख्यधारा की शैक्षणिक व्यवस्था से जोड़ने की यह पहल प्रदेश के शिक्षा परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखी जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *