उन्नाव को मिली 570 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, योगी का विपक्ष पर हमला; बोले- बच्चे भी पहचानते हैं कौन सुरक्षा देता है

उन्नाव, 18 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में 570 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए विपक्षी दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश को दंगा, कर्फ्यू, माफिया राज और भ्रष्टाचार की पहचान दी, वे आज विकास और सुशासन पर उपदेश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता अब उनके वास्तविक चरित्र को भली-भांति पहचान चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद साक्षी महाराज ने उन्हें बताया कि अन्नप्राशन संस्कार के लिए लाए गए दो छोटे बच्चे लगातार रो रहे थे, लेकिन जैसे ही वे उनके पास पहुंचे, बच्चों ने रोना बंद कर दिया। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चे ईश्वर का स्वरूप होते हैं और उन्हें भी यह एहसास हो गया कि अब वे सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे से जोड़ते हुए कहा कि आज प्रदेश में आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब गरीब, व्यापारी और आम नागरिक अपनी बात भी नहीं कह पाते थे। यदि कोई आवाज उठाता था तो सत्ता संरक्षित गुंडे और माफिया उसे दबा देते थे। व्यापारियों के अपहरण होते थे और अपराधी खुलेआम तांडव करते थे। उन्होंने कहा कि जब वे उस दौर को याद करते हैं तो उन्हें रामायण के खर-दूषण, मारीच और सुबाहू जैसे पात्र याद आते हैं। उनके अनुसार उस समय प्रदेश में माफिया राज का वही स्वरूप दिखाई देता था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक शासन किया, लेकिन उन्होंने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हितों की कभी चिंता नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए केवल नेहरू-गांधी परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए केवल सैफई परिवार ही प्राथमिकता रहा। आम गरीब और वंचित समाज उनकी राजनीति से हमेशा बाहर रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब व्यक्ति शौचालय, आवास और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकता रहता था, लेकिन आज बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के उसे प्रधानमंत्री आवास, शौचालय और उज्ज्वला योजना जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह कार्य आज संभव है तो पूर्ववर्ती सरकारों ने ऐसा क्यों नहीं किया।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति मां भगवती का स्वरूप है और वह अन्याय को कभी स्वीकार नहीं करती। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय महिलाओं और बेटियों में भय का वातावरण था, जबकि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।

विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव को राज्य राजधानी क्षेत्र का हिस्सा बनाया गया है। इसका लाभ केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन्नाव और कानपुर तक विकास की नई धारा पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि लखनऊ-उन्नाव-कानपुर के बीच रैपिड रेल परियोजना पर भी विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़ने वाली क्षेत्रीय विकास योजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे एक बड़ा आर्थिक और औद्योगिक क्लस्टर विकसित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे, हवाई संपर्क और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। यह परिवर्तन इसलिए संभव हुआ क्योंकि जनता ने विकासोन्मुख नेतृत्व को चुना है। उन्होंने कहा कि पहले संकीर्ण सोच विकास में बाधा बनती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर कार्य किया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब देश की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है और दुनिया भारत की ताकत को महसूस कर रही है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में वास्तव में केवल चार वर्ग हैं—गरीब, अन्नदाता किसान, महिलाएं और युवा। सरकार की सभी योजनाएं और नीतियां इन्हीं चार वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और सुशासन की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *