मानसखंड मंदिर माला मिशन को मिलेगी नई उड़ान, कैंचीधाम में बनेगा हेलीपैड

भवाली (नैनीताल), 17 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जल्द ही कैंचीधाम से हेलिकॉप्टर सेवाओं का संचालन संभव हो सकेगा। इसके लिए निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग की छत पर आधुनिक हेलीपैड विकसित किया जा रहा है।

करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही तीन मंजिला पार्किंग के ऊपरी हिस्से को हेलीपैड के रूप में तैयार किया जाएगा। इस सुविधा का उपयोग विशेष परिस्थितियों, आपातकालीन सेवाओं और वीआईपी आवागमन के लिए किया जा सकेगा। हेलीपैड बनने से क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कैंचीधाम में प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण अल्मोड़ा-भवाली मुख्य मार्ग पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने बहुमंजिला पार्किंग परियोजना शुरू की है। इस पार्किंग में एक साथ लगभग 500 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनेगी।

परियोजना के तहत पार्किंग की तीसरी मंजिल को सीधे नैनीताल हाईवे से जोड़ने की भी योजना है। इसके लिए एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग उपलब्ध होंगे। अधिकारियों का मानना है कि इससे कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि पार्किंग निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्किंग की छत को हेलीपैड के रूप में विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही नैनीताल हाईवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन का उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास, तीर्थाटन को बढ़ावा देना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कैंचीधाम में आने वाले श्रद्धालुओं को यातायात, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *