2021 हिंसा के मामलों की होगी जांच, कोई घटना भूली नहीं गई: शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 25 मई 2026।पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर चुनाव बाद हिंसा का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा नेता और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने गढ़ नंदीग्राम में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि 2021 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों और हिंसा की हर घटना का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने सभी घटनाओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा है और अब हर मामले की जांच कराई जाएगी।

सभा में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव के बाद राज्य के कई जिलों में भाजपा समर्थकों के घरों में तोड़फोड़ की गई, कार्यकर्ताओं पर हमले हुए और कई लोगों की हत्या तक कर दी गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा बदले की राजनीति में विश्वास नहीं करती।

उन्होंने कहा, “अगर आप चाहें तो तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों की ईंटें तक निकाल सकते हैं, लेकिन ऐसा कभी मत करना। भाजपा इस तरह की राजनीति को बढ़ावा नहीं देती। मुझे सब याद है और किसी भी घटना को अनदेखा नहीं किया जाएगा।”

शुभेंदु अधिकारी के इस बयान को राज्य की राजनीति में अहम माना जा रहा है। 2021 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर बड़े पैमाने पर हिंसा कराने के आरोप लगाए थे। कई मामलों को लेकर अदालतों में भी सुनवाई हुई थी और यह मुद्दा भाजपा के लिए लगातार राजनीतिक हथियार बना रहा।

सभा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत के बावजूद पिछली सरकार ने पीड़ित परिवारों की कोई मदद नहीं की। उन्होंने ममता बनर्जी को “दो बार चुनाव हारने वाली मुख्यमंत्री” बताते हुए निशाना साधा।

गौरतलब है कि 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीब 1900 वोटों से हराया था। वहीं 2026 विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से भी उन्होंने जीत दर्ज की।

नंदीग्राम सीट छोड़ने के फैसले पर भी शुभेंदु अधिकारी ने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि उनके और क्षेत्र की जनता के रिश्ते में कोई बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से जिस तरह वह लोगों के साथ खड़े रहे हैं, आगे भी उसी तरह जुड़े रहेंगे।

उन्होंने 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि संघर्ष और हिंसा के दौर में भी वह जनता के साथ खड़े रहे थे। शुभेंदु ने बताया कि अब नंदीग्राम में विकास और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की निगरानी उनके छोटे भाई और कांथी सांसद सौमेंदु अधिकारी करेंगे। उनके साथ भाजपा के पांच विधायक भी क्षेत्रीय विकास कार्यों में सहयोग करेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *