अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर पहुंचे, पीएम नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात

कोलकाता/नयी दिल्ली, 23 मई 2026 (यूएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया। इस दौरे के दौरान रुबियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी, क्वाड तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए लिखा कि मार्को रुबियो की यह पहली भारत यात्रा है और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की दिशा में यह दौरा अहम माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापार, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आपूर्ति श्रृंखला, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने पर जोर रहेगा।

गोर ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने के पक्षधर हैं और यह दौरा उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में अमेरिका की सफलता के लिए भारत एक अहम साझेदार बना हुआ है।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मार्को रुबियो शनिवार दोपहर 1:15 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। रविवार, 24 मई को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसी दिन शाम को वह अमेरिकी दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।

सोमवार, 25 मई को रुबियो आगरा और जयपुर के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं मंगलवार, 26 मई को नई दिल्ली में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा।

विशेषज्ञों के मुताबिक यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। क्वाड, इंडो-पैसिफिक रणनीति और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को लेकर दोनों देशों के बीच समन्वय को भी इस दौरे में विशेष महत्व दिया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *