यूपी के यूनिवर्सिटी-कॉलेजों में लागू होगा ड्रेस कोड

लखनऊ, 21 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अब ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को राजभवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक समान ड्रेस लागू होने से छात्रों के बीच अमीरी-गरीबी और सामाजिक भेदभाव की भावना कम होगी तथा शिक्षण संस्थानों में समानता का माहौल बनेगा।

राज्यपाल ने कहा कि जब सभी विद्यार्थी एक जैसी वेशभूषा में दिखाई देंगे तो उनमें बराबरी और अनुशासन की भावना विकसित होगी। उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से नए शैक्षणिक सत्र से ड्रेस कोड लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बोलीं- इससे छात्रों के बीच भेदभाव की भावना होगी कम

बैठक में राज्यपाल ने छात्राओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉलेजों में रोजगारपरक और कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं, ताकि छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता भी हासिल कर सकें।

उन्होंने ब्यूटीशियन ट्रेनिंग, मेहंदी कला, जीएसटी और अकाउंटिंग, बिंदी निर्माण तथा फूड प्रोडक्ट तैयार करने जैसे कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए। राज्यपाल का कहना था कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

आनंदीबेन पटेल ने महिला कॉलेजों के छात्रावासों की व्यवस्था बेहतर करने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए, ताकि वे किसी भी गलत या असामाजिक गतिविधियों से दूर रह सकें।

राज्यपाल ने कॉलेजों में विशेष समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए, जहां छात्राएं बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का माहौल सुरक्षित, अनुशासित और छात्रहितैषी होना चाहिए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *