लखनऊ में ढाबा संचालक को बदमाशों ने मारी गोली, वीडियो बनाने का विरोध बना वारदात की वजह

लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक ढाबा संचालक को गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, तरहिया सैरपुर निवासी विजय यादव (28) पुत्र हनुमान प्रसाद यादव का भिटौली तिराहे के पास “यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट” नाम से ढाबा है। रविवार शाम करीब 4:30 बजे वह ढाबे के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही विजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और फील्ड यूनिट टीम ने जांच-पड़ताल की।

भिटौली तिराहे के पास हुई घटना, बाइक सवार हमलावर फरार, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढाबे के बाहर कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। विजय यादव ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर उनका वीडियो बनाने लगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि झगड़ा कर रहे युवकों में से एक युवक कुछ देर बाद वापस लौटा और विजय को गोली मार दी।

ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी मौसम ने बताया कि वह नहाकर बाहर आया ही था कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। नीचे पहुंचने पर देखा कि विजय यादव बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़े थे।

मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *