लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरा नगर, मोहनलालगंज और गोसाईंगंज क्षेत्रों में बुलडोजर चलाया। इस दौरान इंदिरा नगर में करीब 35 बीघा क्षेत्र में की जा रही छह अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कर दी गईं, जबकि मोहनलालगंज और गोसाईंगंज में दो अवैध निर्माण गिराए गए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 और जोन-5 की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि कय्यूम मिर्जा द्वारा मोहनलालगंज के खुजौली क्षेत्र में नगराम रोड पर करीब 200 वर्गमीटर भूखंड पर बिना नक्शा पास कराए अवैध भवन निर्माण कराया जा रहा था। वहीं गोसाईंगंज के सोनई कजेहरा में ऋषिदेव द्वारा करीब 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए की टीम ने दोनों निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
वहीं प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने बताया कि इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर सादात में विशेष अभियान चलाया गया। यहां महिपाल, राम गुलाम, जीतू यादव, रमेश कुमार, दहदीन और लवकुश द्वारा करीब 35 बीघा जमीन पर की जा रही छह अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।
वंदना पाण्डेय ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ प्राधिकरण पूरी तरह सख्त है। नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
