अयोध्या, 06 मई 2026। अयोध्या में आयोजित पीडीए महाजन पंचायत कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सम्मान की बात करने वाली भाजपा, काउंटिंग रूम में ममता बनर्जी के साथ हुई अभद्रता पर चुप रही।
रागिनी सोनकर ने कहा कि तीन बार की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अपनी पीड़ा जाहिर करने के बाद देश की महिलाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत सामान्य है, लेकिन इस तरह की घटनाओं का जवाब महिलाएं भाजपा को जरूर देंगी।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सरकार बनते ही पार्टी कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी कर रहे हैं, जो उनकी नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने सक्रिय भूमिका निभाई, उसी तरह इस बार भी जनता खुद चुनाव लड़ेगी और पीडीए के आधार पर सपा सरकार बनेगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए रागिनी सोनकर ने कहा कि “भाजपा काम में जीरो और बातों में हीरो है।” उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि ऐसी घटनाओं के समय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कहां होते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की एक महिला विधायक के जलने की घटना में सरकार का कोई प्रतिनिधि अस्पताल तक नहीं पहुंचा, जबकि अखिलेश यादव ने पीड़िता का हालचाल जाना।
राम मंदिर दर्शन के सवाल पर उन्होंने सीधे जवाब से बचते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बनवाए गए केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि आस्था व्यक्तिगत विषय है और इसे दिखावे से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है, न कि हिंदू-मुसलमान के आधार पर।
कार्यक्रम का आयोजन सपा जिला उपाध्यक्ष औरौनी प्रसाद पासवान और पार्षद ज्ञासमती द्वारा माता दासी जी की आठवीं पुण्यतिथि और माता-पिता की मूर्ति अनावरण के अवसर पर किया गया था।
