अयोध्या, 05 मई 2026। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर अयोध्या में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही हनुमानगढ़ी मंदिर सहित विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा दिन धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा।
भोर में भगवान हनुमान का विशेष अभिषेक दिव्य रसायनों से किया गया, जिसके बाद धूप, चंदन और सुगंधित द्रव्यों से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। हनुमानगढ़ी में भगवान को नया चोला चढ़ाया गया। सुबह करीब 4 बजे पट खुलते ही आरती में शामिल श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से भाव-विभोर हो उठे।
श्रद्धालुओं ने रामलला मंदिर में भी दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। शहर के अन्य प्रमुख स्थलों जैसे सिद्धपीठ नाका हनुमानगढ़ी, हनुमत निवास और जानकी महल स्थित बाल हनुमान मंदिरों में भी विशेष श्रृंगार और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।
इस बार ज्येष्ठ माह के दो हिस्सों में बंटने के कारण कुल आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी सिटी चक्रपाणि तिवारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
मंदिरों में अर्चकों द्वारा निरंतर पाठ किया गया और लड्डू प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। सुहावने मौसम के चलते श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बैठकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने भी दर्शन-पूजन किया, जबकि महंत संजय दास ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद स्वरूप हनुमान जी की प्रतिमा और रामनामा भेंट किया। राजस्थान के मुख्य चुनाव आयुक्त मोहन लाल लाठर ने भी सपत्नीक दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
हालांकि गैस सिलेंडर की कमी के चलते भंडारों पर कुछ असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं देखी गई।
