अजय राय मेदांता से डिस्चार्ज, डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह

लखनऊ, 05 मई 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को मंगलवार को मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों की टीम ने सुबह राउंड के बाद उनकी स्थिति को स्थिर पाते हुए डिस्चार्ज की अनुमति दी। चिकित्सकों ने उन्हें अगले कुछ दिनों तक पूर्ण आराम करने और नियमित फॉलोअप कराने की सलाह दी है।

बताया जा रहा है कि 1 मई की शाम अचानक बेचैनी और घबराहट के बाद अजय राय बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती स्थिति को देखते हुए उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कर आईसीयू में निगरानी में रखा गया था।

अजय राय की तबीयत बिगड़ने की खबर वाराणसी से लेकर दिल्ली तक चर्चा का विषय बनी रही। उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।

अस्पताल के आईसीयू इंचार्ज डॉ. दिलीप दुबे की निगरानी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए थी। चार दिनों तक चले इलाज और निगरानी के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, सभी जरूरी चिकित्सकीय मानकों में सुधार आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, जिस समय उनकी तबीयत बिगड़ी, वे पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल थे। प्रारंभिक जांच में ब्रेन स्ट्रोक या हार्ट अटैक की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक टेस्ट किए गए।

फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों ने सावधानी बरतने के साथ आराम करने की सलाह दी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *