व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी से हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रंप को सुरक्षित निकाला

वॉशिंगटन, 26 अप्रैल 2026। अमेरिका की राजधानी में आयोजित व्हाइट हाउस संवाददाताओं संघ का वार्षिक रात्रिभोज के दौरान शनिवार रात गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ नेताओं को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यह घटना वॉशिंगटन हिल्टन होटल के बैंक्वेट हॉल के पास हुई, जहां सैकड़ों पत्रकार, राजनेता और अतिथि मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक हमलावर सुरक्षा चेकपॉइंट को पार करने की कोशिश में था और इसी दौरान उसने गोलीबारी शुरू कर दी।

कोई हताहत नहीं, हमलावर गिरफ्तार
अधिकारियों के मुताबिक, घटना में किसी की मौत नहीं हुई है। एक सीक्रेट सर्विस एजेंट की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित है। सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया।

मंच से तुरंत हटाए गए राष्ट्रपति
गोलीबारी की आवाज सुनते ही हॉल में भगदड़ मच गई। लोग टेबलों के नीचे छिप गए और चीख-पुकार मच गई। उस समय राष्ट्रपति ट्रंप मंच पर मौजूद थे, जिन्हें यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना के बाद कार्यक्रम को तत्काल रद्द कर दिया गया और परिसर को खाली कराया गया।

जांच जारी, सुरक्षा कड़ी
वॉशिंगटन प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुष्टि की है कि हमलावर अकेला था और उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्ष वेइजिया जियांग ने कहा कि इस घटना के बावजूद प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता बनी रहेगी और कार्यक्रम को दोबारा आयोजित किया जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने बाद में बयान जारी कर सुरक्षा बलों की सराहना की और कहा कि उन्होंने स्थिति को तेजी से नियंत्रण में लिया। इस घटना ने 2026 के इस प्रतिष्ठित आयोजन को एक अप्रत्याशित और तनावपूर्ण मोड़ दे दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *