कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच से संबोधित करते हुए “ओ बंगाल पुलिस, वापस जाओ” कहते नजर आ रहे हैं। उनके इस बयान के बाद रैली में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ प्रतिक्रिया दी।
वीडियो एक चुनावी रैली का बताया जा रहा है, जहां शाह भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मंच से पुलिसकर्मी की ओर इशारा करते हुए कहा, “बस रहने दो पुलिस… अरे ओ भाई, इसे वापस खींचो कोई… ओ बंगाल पुलिस, जरा वापस जाओ।” इस पर वहां मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियां बजाईं और माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
चुनावी सरगर्मी तेज
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जारी हैं। पहले चरण में बंपर मतदान दर्ज किया गया है और अब 29 अप्रैल को दूसरे एवं अंतिम चरण के मतदान का इंतजार है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह इन दिनों लगातार राज्य में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं और पार्टी की जीत का दावा कर रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और उद्योग प्राथमिकता
हावड़ा में एक रोड शो के दौरान अमित शाह ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, राज्य में उद्योगों को वापस लाना और “घुसपैठ” पर रोक लगाना होगी।
उन्होंने कहा, “सबसे पहले हम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, उद्योगों को वापस लाएंगे और बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त करेंगे।”
मतदान प्रतिशत पर भी प्रतिक्रिया
पहले चरण में करीब 93 प्रतिशत मतदान को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा कि वास्तविक तस्वीर 4 मई को नतीजे आने के बाद साफ हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “चार मई को, जिस दिन परिणाम घोषित होंगे, सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।”
अंतिम चरण पर नजर
राज्य की बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। शाह ने दूसरे चरण को लेकर उम्मीदों पर कहा कि मतदान पूरा होने के बाद ही इस पर विस्तार से बात की जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो और चुनावी बयानों के चलते बंगाल का सियासी माहौल और गरमा गया है।
