योगी आदित्यनाथ ने हेमवती नंदन बहुगुणा जयंती पर दी श्रद्धांजलि

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी का विकास दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है और वह वर्तमान में धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में बहुगुणा द्वारा दी गई सेवाएं आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि बहुगुणा का विकास मॉडल और जनसेवा की भावना आज भी मार्गदर्शन प्रदान करती है। उन्होंने कहा, “उनका जो विकास का दृष्टिकोण था, वह आज धरातल पर साकार हो रहा है। स्वर्गीय बहुगुणा जी की पावन स्मृतियों को नमन।”

गौरतलब है कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जन्म 25 अप्रैल 1919 को पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान उत्तराखंड) में हुआ था। वे स्वतंत्रता संग्राम के सक्रिय सेनानी रहे और बाद में राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नवंबर 1973 में कांग्रेस सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और नवंबर 1975 तक इस पद पर रहे।

उनके परिवार की राजनीतिक विरासत भी उल्लेखनीय रही है। उनके पुत्र विजय बहुगुणा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, जबकि उनकी पुत्री रीता बहुगुणा जोशी उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं।

इस अवसर पर प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर भी बहुगुणा को याद करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *