लखनऊ, 25 अप्रैल 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने शनिवार को घोषणा की कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनती है, तो गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे ही किसान के हाथ में गन्ना पर्ची आएगी, उसी समय उसके खाते में भुगतान भेज दिया जाएगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए सपा सरकार 15 हजार करोड़ रुपये का “किसान रिवॉल्विंग फंड” बनाएगी, जिससे किसानों को भुगतान के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सपा प्रमुख ने किसानों के लिए कई अन्य घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर किसान कर्ज के बोझ में दबे हैं, इसलिए कानून बनाकर उनका कर्ज माफ किया जाएगा। इसके अलावा फसल बीमा, मुफ्त सिंचाई और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने का भी वादा किया गया।
अखिलेश यादव ने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान किसानों को जो सुविधाएं मिलती थीं, उन्हें समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे मंडियां विकसित की जा रही थीं, लेकिन अब वह काम आगे नहीं बढ़ सका। कन्नौज में आलू मंडियों के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार के बाद उस दिशा में प्रगति रुक गई।
उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। खाद, बीज और डीजल जैसी आवश्यक चीजें महंगी होती जा रही हैं, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि बड़े पैमाने पर विदेशी कृषि उत्पाद भारत में आने से देश के किसानों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम किया जाएगा और बेहतर बीज उपलब्ध कराने के लिए अनुसंधान केंद्रों को किसानों से जोड़ा जाएगा।
सपा प्रमुख ने “स्मार्ट गांव” की अवधारणा को आगे बढ़ाने की बात भी कही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्मार्ट सिटी बन सकते हैं, तो स्मार्ट गांव क्यों नहीं बनाए जा सकते। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने नारा दिया, “जब खेत मुस्कराएगा, तो देश मुस्कराएगा” और दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
