यूपी में बरस रही आग: पारा 45 डिग्री के पार, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी में 44.3 डिग्री, बांदा में 44.2 डिग्री और आगरा में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नजीबाबाद (39 डिग्री) और मुजफ्फरनगर (39.8 डिग्री) को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को भी राहत के आसार कम बताए हैं। लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कई इलाकों में दिन के समय लू चलने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है और आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *