भारत कभी आतंक के आगे नहीं झुकेगा: पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी का सख्त संदेश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले वर्ष हुए भीषण आतंकी हमले की पहली बरसी पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को देश कभी नहीं भूलेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आतंकवाद के खिलाफ भारत के अटूट संकल्प को दोहराते हुए कहा, “भारत आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा रहेगा। आतंकियों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।” उन्होंने लिखा कि, “आज ही के दिन पहलगाम में आतंकियों के कायरतापूर्ण हमले में जान गंवाने वाले लोगों को याद कर रहा हूं। हम उन्हें कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। एक राष्ट्र के रूप में हम इस दुःख की घड़ी में एकजुट हैं और आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत हुई है।”

इस मौके पर भारतीय सेना ने भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि देश के खिलाफ किए गए हर कृत्य का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि “न्याय निश्चित है” और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही सेना ने ‘ऑपरेशन महादेव’ से जुड़ा एक ग्राफिक्स साझा किया, जिसमें पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों के सफाए की जानकारी दी गई।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष बैसरन घाटी में हुए इस आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें कई निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

इस हमले के बाद भारतीय सेना ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, जिसके तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।

पहलगाम हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री और सेना के इन संदेशों ने एक बार फिर देश के आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को रेखांकित किया है। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया है कि भारत हर हाल में अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *