उपचुनावों की तैयारी में जुटी बसपा, मायावती ने संगठन मजबूती और जनाधार बढ़ाने के दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और आगामी उपचुनावों की तैयारियों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में पार्टी कार्यों के सिलसिले में दिल्ली में हैं और कार्य पूर्ण होते ही शीघ्र ही लखनऊ लौटेंगी।

मायावती ने 31 मार्च 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें संगठन विस्तार, कैडर मजबूती, आर्थिक संसाधनों को सुदृढ़ करने और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों पर पूरी निष्ठा से अमल किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेशभर में आयोजित बैठकों के माध्यम से बसपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए।

बसपा प्रमुख ने दावा किया कि प्रदेश में बने कई एक्सप्रेस-वे और नोएडा में विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसी परियोजनाओं की परिकल्पना बसपा शासनकाल में ही की गई थी। उन्होंने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ और कानून द्वारा कानून के राज की नीति को प्रदेश के समग्र विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया।

उन्होंने 22 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया बैठक का भी जिक्र करते हुए कहा कि उसमें पार्टी और मूवमेंट के हित में दिए गए दिशा-निर्देशों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर मायावती ने पार्टी का रुख दोहराते हुए स्पष्ट किया कि 15 अप्रैल 2026 को मीडिया में रखा गया आधिकारिक स्टैंड यथावत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि इस विषय पर किसी प्रकार का भ्रम न फैलने दें और सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं। साथ ही यह भी कहा कि महिला आरक्षण के समर्थन में पार्टी अनुशासन के तहत किसी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या विरोध कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं।

बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में पार्टी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों के जरिए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *