मुंबई, 22 अप्रैल 2026। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एक दिन’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सॉफ्ट, भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी पर आधारित इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान की फ्रेश जोड़ी नजर आने वाली है। ट्रेलर और गानों की झलक सामने आने के बाद से ही फिल्म चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म के प्रति बढ़ते उत्साह को और बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने एक खास म्यूजिकल इवेंट ‘एक दिन की महफिल’ आयोजित करने का फैसला किया है। इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार यह विशेष कार्यक्रम 26 अप्रैल को एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय, मुंबई में आयोजित किया जाएगा। यह केवल एक प्रमोशनल इवेंट नहीं होगा, बल्कि फिल्म के संगीत और उसकी भावनात्मक दुनिया को करीब से महसूस कराने का एक अनोखा अवसर भी साबित होगा।
इस खास शाम में फिल्म के गानों को लाइव परफॉर्मेंस के जरिए पेश किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक अंतरंग और यादगार अनुभव मिलने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में आमिर खान, साई पल्लवी, जुनैद खान और फिल्म के संगीतकार राम संपत के शामिल होने की संभावना है। इनकी मौजूदगी इस महफिल को और भी खास बना देगी, जहां संगीत और भावनाएं एक साथ मंच पर जीवंत होती नजर आएंगी।
फिल्म ‘एक दिन’ की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए आमिर खान और निर्देशक मंसूर खान की चर्चित जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले यह जोड़ी ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अकेले हम अकेले तुम’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है, जिसके चलते दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
निर्देशक सुनील पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। ‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है और दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
