लखनऊ, 21 अप्रैल। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत बसंतकुंज योजना में दो दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 22 और 23 अप्रैल को सेक्टर-आई स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी के साइट ऑफिस में लगेगा।
उप सचिव माधवेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डिफॉल्टर आवंटी इस कैंप का लाभ उठाकर ओटीएस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। कैंप में आवंटियों की सुविधा के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो न केवल योजना की विस्तृत जानकारी देंगे बल्कि ऑनलाइन आवेदन भरने में भी सहायता प्रदान करेंगे। कैंप की निगरानी उप सचिव अतुल कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में की जाएगी।
एलडीए द्वारा ओटीएस-2026 के लिए प्राधिकरण भवन में एक विशेष हेल्प डेस्क भी संचालित की जा रही है, जहां आवंटी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को 91 आवंटियों ने ओटीएस के लिए आवेदन किया, जिससे कुल आवेदनों की संख्या बढ़कर 201 हो गई है। योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले बकायेदारों को दंड ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज में छूट का लाभ मिलेगा।
एलडीए ने सभी पात्र आवंटियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि का निस्तारण करें और योजना का फायदा उठाएं।
