सहारनपुर, 14 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सहारनपुर में बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री दोपहर में मुजफ्फरनगर से सहारनपुर पहुंचे, जहां उनका हेलीकॉप्टर गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां एनएचएआई के अधिकारियों, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे पर बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करते हुए डाट-काली मंदिर तक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री गणेशपुर हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री के साथ ऐलीवेटिड रोड से गुजरते हुए लोगों का अभिवादन करेंगे और डाट-काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे देहरादून में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के मनोहरपुर में भाजपा की रैली को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कड़े इंतजाम किए गए हैं। 36 ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि एसपीजी, पीएसी, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, आरएएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने आधी रात से एक्सप्रेस-वे को आम यातायात के लिए बंद कर दिया है और वैकल्पिक रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है।
यह 212 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला एक्सप्रेस-वे तीन वर्षों में तैयार हुआ है। इसके शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी और समय दोनों में भारी कमी आएगी। अब यह सफर लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रशासन और भाजपा संगठन इस उद्घाटन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
