रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया खेल महाकुंभ का उद्घाटन, बच्चों ने दिखाया युद्ध कौशल

लखनऊ,  (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सोमवार से तीन दिवसीय खेल महाकुंभ का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। यह आयोजन 15 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें नौ विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उद्घाटन समारोह से पहले राजनाथ सिंह ने प्रतिभागियों का अभिवादन किया। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पारंपरिक मार्शल आर्ट कलारिपयट्टू के जरिए तलवारबाजी और युद्ध कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देख रक्षामंत्री ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

इस खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो और कलारिपयट्टू जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत में खेलों के प्रति माहौल तेजी से बदल रहा है। पहले देश को मुख्यतः क्रिकेट और हॉकी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ‘खेलो इंडिया’ के तहत हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक खेल सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *