तिरुवनंतपुरम, 2 अप्रैल (UNS)। राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह की “दुस्साहसिक हरकत” का जवाब भारत की ओर से “अभूतपूर्व और निर्णायक” कार्रवाई से दिया जाएगा।
चुनावी राज्य केरल में आयोजित सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया था।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को 22 मिनट के भीतर घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और यह आतंकवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान ने दोबारा ऐसी घिनौनी हरकतें कीं, तो हमारी सेना उन्हें ऐसा मुंहतोड़ जवाब देगी, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। इस बार जो होगा वह अभूतपूर्व होगा।”
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत का पड़ोसी देश कोई भी दुस्साहस कर सकता है, लेकिन भारत उसकी हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत हुई है और सरकार के रवैये व कार्यप्रणाली में बदलाव आया है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी कार्रवाइयों से स्पष्ट होता है।
उन्होंने पूर्व की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उरी आतंकी हमला के बाद की गई सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा आतंकी हमला के जवाब में की गई एयर स्ट्राइक और पहलगाम घटना के प्रतिशोध में चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति को दर्शाते हैं।
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में आतंकी हमले अधिक होते थे, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती थी, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आतंकवाद पर काबू पाने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं।
