लखनऊ, 30 मार्च 2026,RNN। आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तर प्रदेश की छात्र विंग (एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स) द्वारा सोमवार को रसोई गैस आपूर्ति संकट के खिलाफ राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपा गया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व आप छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि रसोई गैस की आपूर्ति में आई कमी के कारण छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस अवसर पर अनित रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीतियों की विफलता के कारण देश में रसोई गैस आपूर्ति संकट पैदा हुआ है, जिसका सबसे अधिक असर प्रदेश के शैक्षणिक शहरों—लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी—में किराए के कमरों में रहने वाले छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र छोटे-छोटे कमरों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन आज उनके सामने भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश छात्रों के पास स्थायी गैस कनेक्शन नहीं है और न ही उनके पास कोई वैकल्पिक साधन जैसे इलेक्ट्रिक चूल्हा उपलब्ध है। अब तक छात्र छोटे दुकानदारों से 2-3 किलोग्राम गैस लेकर किसी तरह गुजारा कर रहे थे, लेकिन अब गैस की उपलब्धता कम हो गई है और जहां मिल रही है, वहां कई गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है।
अनित रावत ने दावा किया कि इस गंभीर स्थिति के कारण कई छात्र 24-24 घंटे बिना भोजन के रहने को मजबूर हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कुछ छात्र पढ़ाई छोड़कर अपने गांव लौटने पर मजबूर हो गए हैं। उन्होंने इसे केवल गैस आपूर्ति का नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय और शैक्षणिक संकट बताया।

आप छात्रविंग ने राज्यपाल को सौंपे गए मांग पत्र में छात्रों के लिए अलग से रसोई गैस आपूर्ति की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने, 2-3 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर सस्ती और निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने, प्रत्येक शहर में हेल्पलाइन नंबर जारी करने और विश्वविद्यालयों एवं छात्रावासों में सामुदायिक रसोई शुरू करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, आशीष मौर्य, प्रदेश सचिव अमन सोनी, जिला अध्यक्ष आकाश सिंह, सुरज, आकाश, नीरज, विशु यादव, पवन, आशिफ, दानिश, मनीष सहित अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर इको गार्डन भेज दिया।
अंत में अनित रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल प्रभाव से छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र विंग पूरे प्रदेश में आंदोलन को और उग्र रूप देगी तथा सड़कों से लेकर विश्वविद्यालय परिसरों तक विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
