नशे में बड़े भाई ने छोटे की हत्या, बंथरा के खांडेदेव गांव में सनसनी

लखनऊ, बंथरा, 30 मार्च 2026, RNN-  लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के खांडेदेव गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी खेल में बदल गया और बड़े भाई ने छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया।

रविवार देर रात घर के अंदर शराब के नशे में धुत्त दोनों भाइयों—आलोक उर्फ गोलू (24) और श्रवण (27)—के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में बेकाबू श्रवण ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाई और आलोक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि आलोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार और हंगामे के बीच मां देवकी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकल गई थीं। लेकिन जब हालात शांत हुए और वह अंदर पहुंचीं तो सामने का मंजर देख उनके होश उड़ गए—बेटा खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरा गांव मौके पर जुट गया।

परिवार पहले ही पिता पुत्तीलाल गौतम को खो चुका है, ऐसे में इस घटना ने पूरे घर को तोड़कर रख दिया। मृतक आलोक मजदूरी कर परिवार का सहारा था। परिवार में मां, तीन भाई और एक बहन हैं, जिनमें बहन किरन की शादी हो चुकी है।

सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी श्रवण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद सन्नाटा पसरा है और हर कोई यही कह रहा है—“अगर शराब न होती, तो शायद आज एक घर उजड़ने से बच जाता।”

 

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *