IPL में आज होगी RR vs CSK में जोरदार भिड़ंत

लखनऊ, 30 मार्च 2026- IPL में आज क्रिकेट प्रेमियों को एक खास मुकाबला देखने को मिलेगा, जब राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला 2008 के ऐतिहासिक फाइनल की यादों को फिर से ताज़ा कर देगा, जब दोनों टीमें पहली बार खिताबी जंग में भिड़ी थीं।

आईपीएल के उद्घाटन सीजन के उस रोमांचक फाइनल में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पहला खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, इसके बाद राजस्थान की टीम अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सकी है। इस बार टीम युवा कप्तान रियान पराग की अगुवाई में ट्रॉफी के लंबे इंतजार को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में गिनी जाती है। टीम ने दिग्गज कप्तान एमएस धोनी के नेतृत्व में पांच बार खिताब जीता है। फिलहाल टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है। चेन्नई ने अपना आखिरी खिताब 2023 में जीता था, लेकिन 2024 और 2025 के सीजन में टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। ऐसे में इस सीजन में सीएसके छठा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।

अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुकाबला बेहद करीबी रहा है। अब तक खेले गए 31 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 15 मुकाबले जीते हैं। खास बात यह है कि 2025 में राजस्थान ने चेन्नई को दोनों मुकाबलों में हराया था, जिससे उसका मनोबल ऊंचा रहेगा।

रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो राजस्थान के खिलाफ चेन्नई का सर्वोच्च स्कोर 246 रन है, जबकि न्यूनतम स्कोर 109 रन रहा है। वहीं, चेन्नई के खिलाफ राजस्थान का हाईएस्ट स्कोर 223 रन और सबसे कम स्कोर 126 रन रहा है।

ऐसे में आज का मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि इतिहास, प्रतिष्ठा और नए रिकॉर्ड बनाने की जंग भी होगा। क्रिकेट फैंस को एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले की पूरी उम्मीद है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *