कात्यायनी का ऑलराउंड खेल, इलाहाबाद की जीत; केसीए कानपुर ने सहारनपुर को हराया

लखनऊ, RNN। इलाहाबाद महिला विंग ने प्लेयर ऑफ द मैच कात्यायनी पाठक के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में गोरखपुर को 108 रन से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में केसीए कानपुर ने सहारनपुर को 21 रन से पराजित कर लगातार दूसरी जीत हासिल की।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त इस टूर्नामेंट का आयोजन क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबले सेज क्रिकेट मैदान में खेले जा रहे हैं।

कात्यायनी पाठक की अर्धशतकीय पारी से मजबूत जीत

टूर्नामेंट के दूसरे दिन पहले मैच में इलाहाबाद महिला विंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। मीनाक्षी यादव (44 रन) और नमस्या सिंह (46 रन) की सलामी जोड़ी ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

इसके बाद कात्यायनी पाठक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए और टीम का स्कोर मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम 16.4 ओवर में 66 रन पर सिमट गई। आकांक्षा (16) और जानकी चौहान (13) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। इलाहाबाद महिला विंग की ओर से राधा पाण्डेय ने तीन विकेट लिए, जबकि कात्यायनी पाठक ने दो विकेट चटकाकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया।

सिद्धि मिश्रा की घातक गेंदबाजी से कानपुर की जीत

दूसरे मैच में केसीए कानपुर ने प्लेयर ऑफ द मैच सिद्धि मिश्रा की शानदार गेंदबाजी और सिद्धि सिंह के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत सहारनपुर को 21 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए केसीए कानपुर ने निर्धारित 18 ओवर में सात विकेट पर 129 रन बनाए। टीम की ओर से शिबु सिंह पाल ने 28, श्वेता वर्मा ने 24, बबिता यादव ने 19 और सिद्धि सिंह ने नाबाद 15 रन का योगदान दिया।

जवाब में सहारनपुर की टीम 17.2 ओवर में 108 रन पर ऑलआउट हो गई। सलामी बल्लेबाज शिखा शालोट ने 46 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। केसीए कानपुर की ओर से सिद्धि मिश्रा ने चार विकेट और सिद्धि सिंह ने तीन विकेट हासिल किए।

राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दानिश आजाद अंसारी ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में आयोजन सचिव एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह भी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *