टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि: शाहजहांपुर की 87 ग्राम पंचायतें हुईं टीबी मुक्त, प्रधानों का सम्मान

शाहजहांपुर, 24 मार्च। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद शाहजहांपुर में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में जनपद की कुल 87 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इन पंचायतों के ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणी में महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस वर्ष की वैश्विक थीम “Yes We Can End TB: Commit, Invest, Deliver” को केंद्र में रखते हुए टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता, समय पर जांच और नियमित उपचार के माध्यम से ही टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

जिलाधिकारी डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य पंचायतों को भी इस दिशा में प्रेरित होने का आह्वान किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्रा ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें, तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि नियमित और पूरा उपचार लेने से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है और समय पर इलाज से संक्रमण फैलने से भी रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *