भारत को बड़ी उपलब्धि, भुवनेश्वर में होगी 2028 विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप

नई दिल्ली, 19 मार्च। भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक बड़ी सफलता मिली है। विश्व एथलेटिक्स परिषद की पोलैंड में हुई बैठक में वर्ष 2028 की प्रतिष्ठित विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी भारत को सौंप दी गई है। इस प्रतियोगिता का आयोजन भुवनेश्वर में किया जाएगा।

यह निर्णय तोरून में लिया गया, जहां 2025 विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप शुरू होने से एक दिन पहले परिषद की बैठक आयोजित हुई थी।

विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि भारत को 2028 संस्करण की मेजबानी सौंपी गई है।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने इस वर्ष की शुरुआत में इस आयोजन के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। जनवरी में विश्व एथलेटिक्स की टीम ने भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम परिसर में विकसित आधुनिक इंडोर सुविधाओं का निरीक्षण भी किया था।

एएफआई के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू ने इसे भारतीय एथलेटिक्स के बढ़ते कद का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों की लगातार अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद दुनिया की नजरें अब भारतीय ट्रैक एंड फील्ड पर टिक गई हैं।

गौरतलब है कि इस चैंपियनशिप में आमतौर पर 26 स्पर्धाएं होती हैं, जिनमें पुरुषों और महिलाओं के लिए 13-13 स्पर्धाएं शामिल रहती हैं। यह प्रतियोगिता हर दो साल में आयोजित की जाती है।

इस उपलब्धि के साथ भारत ने वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है, जो देश में खेल अवसंरचना और प्रतिभा के विकास को नई गति देगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *