नई दिल्ली/मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत पिपरा खेम गांव निवासी और जाने-माने एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट कारोबारी रिपू कुमार को अखिल भारतीय पंचायत परिषद का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति दिल्ली के मयूर विहार स्थित परिषद के केंद्रीय कार्यालय ‘पंचायत धाम’ में की गई।
यह नियुक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय तथा राष्ट्रीय संरक्षक, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निर्देश पर कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ अशोक चौहान द्वारा की गई।
गांव से ग्लोबल पहचान तक का सफर
स्वर्गीय किसान रामा शंकर सिंह के पुत्र रिपू कुमार ने एक छोटे से गांव से निकलकर एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अपने सांगठनिक कौशल और मेहनत के दम पर उन्होंने व्यवसाय में नए आयाम स्थापित किए हैं।
सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। गुजरात के गांधीधाम में आयोजित कई कन्या विवाह समारोहों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। करीबी सूत्रों के अनुसार, वे अपनी आय का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा सामाजिक कार्यों में खर्च करते हैं।
पंचायतों से जुड़ाव बरकरार
भले ही उन्होंने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई हो, लेकिन अपने गांव और पंचायत से उनका जुड़ाव आज भी मजबूत बना हुआ है। उनकी नियुक्ति से पिपरा खेम पंचायत और पूरे मोतिहारी जिले में खुशी की लहर है।
निष्ठा के साथ निभाऊंगा जिम्मेदारी: रिपू कुमार
अपनी नियुक्ति पर रिपू कुमार ने कहा कि परिषद के नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जय प्रकाश नारायण और बलवंत राय मेहता के पंचायत सशक्तिकरण के सपनों को साकार करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने आगे कहा कि पंचायती राज, ग्राम स्वराज और ग्रामीण विकास को मजबूत करने के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे।
परिषद ने जताई उम्मीद
नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि रिपू कुमार एक कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जिनका पंचायतों में कार्य करने का लंबा अनुभव रहा है। उनसे संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा है।
वहीं, मीडिया एवं कैंपेन सलाहकार बद्री नाथ ने कहा कि यदि पंचायतों से आगे बढ़े लोग रिपू कुमार की तरह अपने मूल से जुड़े रहें और समय दें, तो देश में स्मार्ट शहरों के साथ-साथ संस्कारित स्मार्ट गांव भी विकसित होंगे।
इस अवसर पर ध्यान पाल जादौन, मोहन लाल शर्मा, लक्ष्मीकांत तिवारी सहित देशभर से आए पदाधिकारियों ने रिपू कुमार को शुभकामनाएं दीं।
रिपू कुमार की इस उपलब्धि को न केवल उनके व्यक्तिगत सफलता के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह पंचायत स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बनकर उभरा है।
