बिजनौर में अवैध ‘मॉड गैलेक्सी सिटी’ पर चला बुलडोजर, 9 रो-हाउस ध्वस्त; गुड़म्बा व ठाकुरगंज में भी कार्रवाई

लखनऊ, 18 मार्च, RNN : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजनौर स्थित ‘मॉड गैलेक्सी सिटी’ में बने 9 अवैध रो-हाउस भवनों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के अनुसार, औरंगाबाद खालसा क्षेत्र में बिल्डर मोहम्मद इमरान द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के करीब 9,500 वर्गफीट क्षेत्र में रो-हाउस का निर्माण कराया जा रहा था। मामले में सक्षम न्यायालय से ध्वस्तीकरण आदेश मिलने के बाद पूरे दिन चली कार्रवाई में सभी 9 अवैध संरचनाओं को गिरा दिया गया।

ठाकुरगंज में 3 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि ठाकुरगंज के जल निगम रोड पर अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया। यहां सैय्यद सिबते मोहम्मद, चन्द्र प्रकाश अवस्थी और जगदेव सिंह द्वारा क्रमशः 150, 200 और 250 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए जा रहे अवैध भवनों को सील कर दिया गया।

गुड़म्बा में 19 अवैध रो-हाउस सील
वहीं, प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय के नेतृत्व में गुड़म्बा के कंचना बिहारी मार्ग पर भी कार्रवाई की गई। यहां विभिन्न बिल्डरों द्वारा बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे 19 रो-हाउस भवनों को सील किया गया।

एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *