मथुरा/अयोध्या (उप्र), 18 मार्च : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित तीन दिवसीय यात्रा को लेकर मथुरा, वृन्दावन और गोवर्धन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में वाहनों के आवागमन पर पाबंदी और मार्ग परिवर्तन की घोषणा की है।
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को मथुरा पहुंचेंगी और शुक्रवार को वृन्दावन स्थित रामकृष्ण सेवा मिशन चेरिटेबल अस्पताल में स्थापित कैंसर ब्लॉक का लोकार्पण करेंगी। इसके बाद 21 मार्च को वह गोवर्धन में गिरिराज जी की परिक्रमा करेंगी।
यात्रा के दौरान राष्ट्रपति तीन मंदिरों और तीन आश्रमों में संतों से मुलाकात करेंगी। साथ ही वह वृन्दावन स्थित वात्सल्य ग्राम में समविद बालिका सैनिक स्कूल जाकर छात्राओं से संवाद भी करेंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ प्रत्येक पड़ाव की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए विशेष यातायात योजना लागू की गई है और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी बीच अयोध्या में भी राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां वह राम मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगी। अधिकारियों के अनुसार मंदिर परिसर और शहर में 7,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम ने पूरे प्रबंधन की कमान संभाल ली है।
प्रशासन ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
