महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार, हरमनप्रीत कौर भी टॉप-10 में

दुबई, 10 मार्च। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं। मंगलवार को जारी रैंकिंग में मंधाना ने अपना नंबर एक स्थान कायम रखते हुए भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी शीर्ष 10 बल्लेबाजों में शामिल हैं और वह आठवें स्थान पर बनी हुई हैं। हालांकि जेमिमा रोड्रिग्स को एक पायदान का नुकसान हुआ है और वह 12वें स्थान पर खिसक गई हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारत को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जिसका असर रैंकिंग पर भी पड़ा है।

इस बीच न्यूजीलैंड की खिलाड़ियों को ताजा रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और उसने अपने घर में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली है।

न्यूजीलैंड की नई कप्तान अमेलिया केर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने श्रृंखला के पहले मैच में चार विकेट लिए और डुनेडिन में खेले गए दूसरे मुकाबले में सात विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इस प्रदर्शन के दम पर केर गेंदबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि ऑलराउंडर रैंकिंग में वह एक पायदान के फायदे से पांचवें स्थान पर हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की ब्रुक हैलीडे और मैडी ग्रीन को भी फायदा हुआ है। हैलीडे ने पहले मैच में 117 गेंदों पर नाबाद 157 रन की शानदार पारी खेली, जिससे वह आठ पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गईं। वहीं मैडी ग्रीन चार स्थान की छलांग लगाकर 22वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

इसके अलावा श्रीलंका की हसिनी परेरा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 28वां स्थान हासिल किया है। उनकी हमवतन इमेशा दुलानी को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है, जबकि कविशा दिलहारी गेंदबाजी और ऑलराउंडर दोनों रैंकिंग में ऊपर चढ़ी हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में वेस्टइंडीज की एफी फ्लेचर ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के आखिरी दो मैचों में तीन विकेट लेने के बाद वह चार स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं।

ताजा रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी और न्यूजीलैंड की खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से महिला क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा और भी रोचक हो गई है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *