‘प्रोजेक्ट गंगा’ से गांवों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट, एक लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे

लखनऊ, 9 मार्च। उत्तर प्रदेश में डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन और हिंदूजा ग्रुप की सहायक कंपनी वनओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना के तहत अगले दो से तीन वर्षों में प्रदेश के 20 लाख से अधिक घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के माध्यम से न्याय पंचायत स्तर पर 8,000 से 10,000 स्थानीय युवाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की सुनिश्चित करने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे। परियोजना के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह एमओयू उत्तर प्रदेश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट गंगा (गवर्नमेंट असिस्टेड नेटवर्क फॉर ग्रोथ एंड एडवांसमेंट) के माध्यम से लगभग 20 लाख घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाई जाएगी, जिससे करीब एक करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा।

खन्ना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचने से ऑनलाइन व्यवसाय, डिजिटल सेवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को डिजिटल उद्यमिता से जोड़ने के लिए आर्थिक सहयोग भी दे रही है। जनवरी 2024 में शुरू की गई योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज और बिना गारंटी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका लाभ अब तक एक लाख से अधिक लोग ले चुके हैं।

स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का महत्व कई मामलों में भौतिक एक्सप्रेसवे से भी अधिक हो गया है, क्योंकि यही विकास की नई दिशा तय कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल डिवाइड और संभावित एआई डिवाइड को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से गांवों तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, ओटीटी सेवाएं और हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचेगा, जिससे टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन शिक्षा, ई-कॉमर्स और डिजिटल स्किलिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा। इसके अलावा ग्रामीण युवाओं को यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए आय अर्जित करने के नए अवसर भी मिलेंगे।

हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशन लिमिटेड के निदेशक विंसले फर्नांडीज ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के दो प्रमुख स्तंभ युवा सशक्तिकरण और महिला सशक्तिकरण हैं। इसके माध्यम से प्रदेश में लगभग एक लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

वनओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के मुख्य व्यवसाय अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य दूर-दराज के अंडर-सर्व्ड और अनसर्व्ड क्षेत्रों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हो और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।

कार्यक्रम में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के एसीईओ अक्षत वर्मा, श्रम विभाग के प्रमुख सचिव शन्मुगा सुंदरम, हिंदुजा ग्रुप के प्रतिनिधि डॉ. एस. के. चड्ढा सहित परियोजना से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *