शाहजहांपुर। होली पर्व पर निकलने वाले परंपरागत ‘लाट साहब’ एवं ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस बुधवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। जनपद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर ड्यूटी प्वाइंटों की जांच की और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान नगर आयुक्त, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) बरेली, क्षेत्राधिकारी सदर, थाना रामचन्द्र मिशन पुलिस बल तथा गैर जनपद से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बिंदुवार निरीक्षण, चाक-चौबंद व्यवस्था
अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। सेक्टर एवं जोन व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जाए। ड्यूटी के दौरान सतर्कता, सक्रियता और अनुशासन बनाए रखने के साथ आमजन के प्रति शालीन व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया।

अफवाहों पर सख्ती, यातायात डायवर्जन लागू
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। यातायात डायवर्जन योजना लागू रखते हुए आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग अवरोध मुक्त रखने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए।
‘छोटे लाट साहब’ जुलूस के संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने पुनः जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर पैदल गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
जुलूस के उपरांत डीआईजी अजय साहनी और बरेली मंडल के कमिश्नर ने प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से शिष्टाचार भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीं और जनपद में शांति व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि पर्व के दौरान भाईचारा बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। प्रशासन की सतर्कता और जनसहयोग से दोनों जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए।
