उत्तर प्रदेश में 18–19 आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर

लखनऊ, 14 जनवरी 2025 – भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी, 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 से 19 आयु वर्ग के पात्र युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष बल दिया है। आयोग की मंशा “कोई मतदाता न छूटे” के अनुरूप सभी अर्ह मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदाता जागरूकता के लिए जिला स्तर पर नामित स्वीप नोडल अधिकारी तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), शैक्षणिक संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के साथ बैठक कर युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया और आवेदन की जानकारी दें।

उन्होंने कहा कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं से घोषणा पत्र सहित फॉर्म-6 भरवाने के लिए कॉलेजों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड के कैम्पस एम्बेसडर, वॉलेंटियर और कोऑर्डिनेटर का सहयोग लिया जाए। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित शिविरों के माध्यम से छात्रों को ईसीआईनेट (ECINET) ऐप और पोर्टल voters.eci.gov.in के जरिये ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन का वीडियो भी छात्रों को दिखाया जाएगा। फॉर्म-6 हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में भरवाया जाएगा ताकि वर्तनी संबंधी त्रुटियों से बचा जा सके। घोषणा पत्र सहित फॉर्म-6 भरने वाले सभी मतदाताओं को अपने बीएलओ से पावती लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2026 के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैम्पस एम्बेसडर, वॉलेंटियर और कोऑर्डिनेटर को पुरस्कृत किया जाएगा तथा नए मतदाताओं को ईपिक देकर सम्मानित किया जाएगा। इन सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि फॉर्म-6 भरते समय अपना मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें, ताकि आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सके और ई-एपिक घर बैठे डाउनलोड किया जा सके। मतदाता आवेदन पत्र पर स्पष्ट फोटोग्राफ लगाएं, जिससे मतदान के समय पहचान में सुविधा हो। साथ ही, आवेदन करते समय अपने किसी पारिवारिक सदस्य का मतदाता पहचान पत्र नंबर दर्ज करें, ताकि नाम उसी मतदान केंद्र की मतदाता सूची में शामिल हो सके, जहां परिवार के अन्य सदस्यों के नाम दर्ज हैं।

जो मतदाता अपने मोबाइल नंबर या अन्य प्रविष्टियों में सुधार कराना चाहते हैं, वे ईसीआईनेट ऐप या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-8 भरकर अद्यतन करा सकते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *