देहरादून में फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

देहरादून, आठ जनवरी । देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में अलग-अलग नामों से फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान सुबेदा बेगम (40) के रूप में हुई है, जो कोविड काल के दौरान अवैध रूप से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल आई थी। वहां एक भारतीय नागरिक से शादी करने के बाद वह करीब दो वर्ष पहले देहरादून आ गई और यहां फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए।

एसएसपी के अनुसार, एक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटेलनगर की लोक संस्कृति कॉलोनी से महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश की नागरिक है और भारत में सुबेदा बीबी, मोनी और प्रिया रॉय नाम से फर्जी दस्तावेज बनवाए थे।

पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग नामों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा सुबेदा बेगम के नाम से जारी एक बांग्लादेशी पहचान पत्र भी मिला है।

पुलिस ने बताया कि महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल निवासी कौसर शाह से शादी के बाद वह देहरादून आई थी और अपने पति की मदद से हरिद्वार के रुड़की तथा देहरादून से फर्जी दस्तावेज बनवाए।

देहरादून में वह अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकानों में रहकर घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी, जबकि उसका पति वर्तमान में दुबई में कार्यरत है। एसएसपी ने कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, इससे पहले देहरादून जिले में 19 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े जा चुके हैं। इनमें से नौ को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 को उनके देश निर्वासित किया जा चुका है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *