नयी दिल्ली, आठ जनवरी । दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अदालत के आदेश पर चलाए गए अतिक्रमण-रोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने छह और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अफान, आदिल, शाहनवाज, हमजा, अथर और उबेद के रूप में हुई है। ये सभी तुर्कमान गेट क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मध्य दिल्ली) निधिन वलसन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमने छह और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक एक नाबालिग समेत कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।”
उन्होंने बताया कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखे हुए है।
उल्लेखनीय है कि रामलीला मैदान इलाके में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण-रोधी अभियान के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके गए, जिससे थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हालात उस समय बिगड़े जब सोशल मीडिया पर यह दावा करते हुए एक पोस्ट वायरल हुई कि तुर्कमान गेट के सामने स्थित मस्जिद को अतिक्रमण-रोधी अभियान के तहत ध्वस्त किया जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
पुलिस का दावा है कि पुलिस और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकने में करीब 150 से 200 लोग शामिल थे।
एमसीडी के उपायुक्त विवेक कुमार ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान करीब 36,000 वर्ग फुट अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया, जहां एक निदान केंद्र और ‘बैंक्वेट हॉल’ समेत कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ध्वस्त किया गया। उन्होंने कहा कि मस्जिद को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
