अंकिता भंडारी हत्याकांड पर विपक्ष माफी मांगे: मुख्यमंत्री धामी

अंकिता भंडारी हत्याकांड: हर प्रकार की जांच के लिए तैयार है सरकार—मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, आठ जनवरी । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक कथित नये ऑडियो के सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को विपक्ष से माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक जिम्मेदारी और मर्यादा का पालन नहीं किया गया।

यह ऑडियो अभिनेत्री उर्मिला सनावर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बीच कथित बातचीत का बताया जा रहा है। इसमें सनावर यह कहते हुए सुनी जा रही हैं कि उन पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लेने का दबाव था। सनावर, राठौर की कथित पत्नी हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए था, लेकिन अंकिता हत्याकांड के मामले में ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ऑडियो के आधार पर लोगों को भड़काया गया, जिससे राज्य में अस्थिरता, भ्रम और संदेह की स्थिति पैदा हुई।

धामी ने कहा, “जनता सब देख रही है कि विपक्ष ने क्या किया। अब जब नया ऑडियो सामने आया है, तो उन्हें इस पर भी जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगनी चाहिए कि उन्होंने अपनी राजनीति के लिए अंकिता हत्याकांड जैसे गंभीर मामले का इस्तेमाल किया।”

एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर उनकी बात सुनी है और उनकी भावनाओं पर विचार कर जांच को लेकर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सबसे ज्यादा पीड़ा अंकिता के माता-पिता को हुई है, जिन्होंने अपनी बेटी को खोया है।

सीबीआई जांच की बढ़ती मांग के बीच अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने बुधवार देर रात मुख्यमंत्री आवास पर धामी से मुलाकात की थी और अपनी भावनाओं से उन्हें अवगत कराया था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि वे इस मामले में कोई भी निर्णय अंकिता के माता-पिता की इच्छा के अनुरूप ही लेंगे।

उल्लेखनीय है कि सनावर द्वारा कथित ‘वीआईपी’ के खुलासे वाले ऑडियो के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी और कांग्रेस समेत कई राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किए।

इस बीच, उर्मिला सनावर बुधवार को पुलिस के सामने पेश हुईं, जहां उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में दर्ज मामलों के संबंध में उनके बयान दर्ज किए गए और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।

एसएसपी ने बताया कि सनावर ने राठौर के साथ बातचीत की एक ऑडियो क्लिप जांच अधिकारियों को सौंपी है, जिसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। हालांकि, ऑडियो क्लिप के अलावा उन्होंने कोई अन्य साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराए। सनावर ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी एक प्रार्थनापत्र दिया है, जिस पर स्थानीय खुफिया इकाई से रिपोर्ट मांगी गई है।

सूत्रों के अनुसार, सनावर बृहस्पतिवार को हरिद्वार में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के सामने भी पेश हो सकती हैं। उनके और राठौर के खिलाफ देहरादून व हरिद्वार में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने भी दोनों के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर की थी। इस मामले में सत्र न्यायालय तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुना चुका है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *