नगर निगम जलकल विभाग की अपील: पेयजल पाइपलाइन में लीकेज या गंदा पानी दिखे तो तुरंत दें सूचना

लखनऊ। नगर निगम के जलकल विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी कोई भी समस्या नजर आए, तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल विभाग को सूचित करें। विभाग के अनुसार, कई इलाकों में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज, पाइप फटने या नलों से गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आती हैं, जिनका समय पर समाधान न होने पर आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

जलकल विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि शिकायत मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं नलों से गंदा, बदबूदार या मटमैला पानी आ रहा हो, या सड़क पर पानी का रिसाव दिखाई दे, तो लोग तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

कंट्रोल रूम नंबर इस प्रकार हैं—
8177054100
8177054003
8177054010

इन नंबरों पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने से समस्या का शीघ्र निराकरण संभव हो सकेगा। विभाग का कहना है कि कई बार छोटी लीकेज समय के साथ बड़ी समस्या बन जाती है, जिससे पानी की बर्बादी के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं। गंदा पानी पीने से जलजनित बीमारियों का खतरा रहता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।

जलकल विभाग के जीएम श्री कुलदीप सिंह ने बताया कि शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम जलकल विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है, लेकिन आम नागरिकों के सहयोग के बिना हर समस्या की जानकारी तुरंत मिल पाना संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा समय पर दी गई सूचना से न केवल समस्या का समाधान जल्दी किया जा सकता है, बल्कि पानी की अनावश्यक बर्बादी को भी रोका जा सकता है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें और पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी दिखाई देने पर तुरंत जलकल विभाग को सूचित करें, ताकि सभी को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *