लखनऊ, एक नवंबर : लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. आदित्य आभा सिंह को ऑल इंडिया बॉटैनिकल सोसाइटी (AIBS) द्वारा प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल 2025 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 29-30 अक्टूबर को नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU), शिलांग में आयोजित 48वीं ऑल इंडिया बॉटैनिकल कॉन्फ्रेंस एवं “बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी ऑफ़ प्लांट डायवर्सिटी फॉर बायोइकोनॉमी” अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान प्रदान किया गया।
प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल भारतीय वनस्पति विज्ञान क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए प्रतिवर्ष दिया जाने वाला महत्वपूर्ण सम्मान है। डॉ. सिंह को यह पुरस्कार उनके सी-4 पौधों (विशेषकर मक्का) पर वायुमंडलीय प्रदूषक ओज़ोन के प्रभाव और जलवायु परिवर्तन से संबंधित कारकों जैसे बढ़ते कार्बन डाइऑक्साइड स्तर के साथ उनकी अंतःक्रिया पर किए गए शोध के लिए मिला।

अपने पुरस्कार व्याख्यान में डॉ. सिंह ने बताया कि ट्रोपोस्फेरिक ओज़ोन मक्का की उपज में गिरावट लाता है और उसके पोषण स्तर को भी प्रभावित करता है, जो भविष्य की खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक प्रो. एस.बी. अग्रवाल, NASI वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन ने शोध को दिशा दी।
डॉ. सिंह का शोध कार्य मुख्य रूप से वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और उनके शमन उपायों पर केंद्रित है, जिससे वे कृषि उत्पादकता और पर्यावरणीय स्थिरता को सुरक्षित रखने के वैज्ञानिक समाधान तलाश रही हैं।
भारतीय वनस्पति सोसाइटी अपने पदकों और सम्मानों के माध्यम से हर वर्ष वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नवोन्मेष को बढ़ावा देती है तथा युवा शोधकर्ताओं को प्रेरित करती है।
