बीसीबी का अनुरोध खारिज, बांग्लादेश के टी20 विश्व कप मैच तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही होंगे

दुबई, 21 जनवरी । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के उस अनुरोध को खारिज कर दिया है, जिसमें टी20 विश्व कप के लिए बांग्लादेश के मैचों को भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर भारत में किसी भी आयोजन स्थल पर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है, इसलिए मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही कराए जाएंगे।

यह फैसला आईसीसी बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में लिया गया। यह बैठक बीसीबी द्वारा भारत में खेलने को लेकर जताई गई चिंताओं और आयोजन स्थलों में बदलाव की मांग के बाद बुलाई गई थी। बैठक में आईसीसी बोर्ड ने कई सुरक्षा आकलनों और स्वतंत्र मूल्यांकनों की समीक्षा की।

आईसीसी के अनुसार, सभी सुरक्षा आकलनों में यह निष्कर्ष सामने आया कि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। परिषद ने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में कार्यक्रम में बदलाव करना व्यावहारिक नहीं है।

आईसीसी ने यह भी चेतावनी दी कि बिना किसी पुष्ट सुरक्षा जोखिम के मैचों को स्थानांतरित करना भविष्य के वैश्विक आयोजनों के लिए एक अवांछनीय मिसाल कायम कर सकता है। आईसीसी के एक बयान में कहा गया, “आईसीसी बोर्ड ने इस बात पर गौर किया कि मौजूदा परिस्थितियों में मैचों का स्थानांतरण आईसीसी प्रतियोगिताओं की पवित्रता को प्रभावित कर सकता है और एक वैश्विक शासी निकाय के रूप में संगठन की निष्पक्षता को कमजोर कर सकता है।”

क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने बताया कि उसके प्रबंधन ने पिछले कुछ सप्ताहों में बीसीबी के साथ कई बैठकें कीं और पत्राचार के माध्यम से टूर्नामेंट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। इसमें आयोजन स्थलों की विशेष सुरक्षा योजनाएं और संघीय व राज्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की भागीदारी से तैयार की गई बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन भी शामिल था।

आईसीसी के इस फैसले के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि बांग्लादेश के टी20 विश्व कप मैच भारत में ही होंगे और टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *