प्रदेश में पहली बार मीन महोत्सव का आयोजन, वैज्ञानिक तकनीकों से मत्स्य पालन को बढ़ावा

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 27 और 28 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश का पहला मीन महोत्सव आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डॉ. संजय निषाद ने किया।

महोत्सव में देश एवं प्रदेश के प्रसिद्ध वैज्ञानिकों, उद्यमियों तथा विभिन्न जनपदों से आए लगभग 1000 मत्स्य पालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और बाजार आधारित दृष्टिकोण से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाना रहा।

दूसरे दिन 50 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा औद्योगिक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में किया गया। इस दौरान फिश फूड कोर्ट और प्रोटीन जागरूकता अभियान भी आयोजित हुआ। तकनीकी सत्रों में मछली पालन की वैज्ञानिक विधियां, जल गुणवत्ता प्रबंधन, संतुलित आहार, जैव सुरक्षा, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से विपणन पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी।

वरिष्ठ वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने पंगेशियस, भारतीय मेजर कार्प, झींगा पालन, सजावटी मछली पालन, मोती उत्पादन तथा बायोफ्लॉक तकनीक जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही मत्स्य बीज उत्पादन, चारा प्रबंधन, जल गुणवत्ता निगरानी और विविधीकरण के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के., निदेशक मत्स्य एन.एस. रहमानी सहित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को योजनाओं और अवसरों की जानकारी दी। आयोजन के समापन पर अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और मत्स्य पालन को स्वरोजगार और आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *