विश्व कैंसर दिवस से पहले उत्तर प्रदेश पर्यटन की संवेदनशील पहल: 30 कैंसर मरीजों ने किया ‘लखनऊ दर्शन’

लखनऊ, 03 फरवरी 2026  – विश्व कैंसर दिवस से पहले उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उपचाराधीन 30 कैंसर मरीजों के लिए विशेष ‘लखनऊ दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया।

इस पहल के तहत मरीजों को डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से लखनऊ का गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत दिखाया गया। यह विशेष भ्रमण 03 फरवरी की दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया गया, जो लखनऊ दर्शन की नियमित सेवाओं से अलग था।

कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के मरीजों के साथ उनके डॉक्टर और सहयोगी मेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। इस यात्रा का उद्देश्य उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे मरीजों को कुछ पल की राहत, सुकून और जीवन के सकारात्मक रंग से जोड़ना था। यात्रा के दौरान हर यात्री के चेहरे पर मुस्कान और आत्मीयता देखने को मिली।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “यह आयोजन केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदना और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा प्रयास है। लंबे समय से अस्पताल में उपचाररत मरीजों को खुले वातावरण में लाकर शहर की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना इस पहल का मूल उद्देश्य है। पर्यटन समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का भी एक माध्यम है।”

मरीजों ने भी अपनी खुशी व्यक्त की। रजनी वर्मा ने कहा कि अस्पताल के कमरे से बाहर निकलना उनके लिए बेहद खास रहा और विधानसभा को अंदर से देखना यादगार अनुभव बना। वहीं, अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि यह यात्रा उन्हें फिर से खुशी और सकारात्मकता का एहसास कराई।

मरीजों के साथ मौजूद डॉ. अभिषेक ने कहा कि इस तरह के अनुभव मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए बस में हल्का और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया, साथ ही सभी यात्रियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

यह पहल दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश पर्यटन केवल भ्रमण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और संवेदनशील पर्यटन के माध्यम से सकारात्मक संदेश देने का कार्य भी कर रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *