‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का धमाकेदार आगाज़, काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स की शानदार जीत

लखनऊ, 09 अप्रैल 2026। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में गुरुवार को ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का भव्य शुभारंभ हुआ। रफ्तार, रोमांच और रणनीति से भरपूर इस लीग के पहले दिन काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस लीग को आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड का सहयोग प्राप्त है, जबकि टाइटल स्पांसर टाटा कैपिटल है।

लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं कोर्ट पर उतरकर दमदार शॉट लगाए, जिससे खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों का बजट बढ़ा है और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें सरकारी नौकरियों में अवसर प्रदान कर रही है।

काशी किंग्स की रोमांचक जीत

उद्घाटन मुकाबले में काशी किंग्स ने गोरखपुर राउडीज को कड़े संघर्ष में 19-17 से हराया। पहले हाफ में 11-8 की बढ़त बनाने वाली काशी की टीम ने अंत तक बढ़त बनाए रखी। टीम की जीत में अविनाश ने नौ गोल दागकर ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ का खिताब जीता, जबकि अनीश यादव और मोहित घंघास ने तीन-तीन गोल कर अहम योगदान दिया।

मथुरा ब्रजस्टार का दमदार प्रदर्शन

दूसरे मुकाबले में मथुरा ब्रजस्टार ने बर्बरीक वारियर्स को 34-29 से हराया। निहाल जायसवाल और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने शानदार तालमेल दिखाते हुए 10-10 गोल दागे। वहीं शिवा ने आठ गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गाजियाबाद पैंथर्स की जीत

तीसरे मुकाबले में गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-21 से पराजित किया। मोहित ने आठ गोल कर ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ का खिताब हासिल किया, जबकि अमन और विवेक ने पांच-पांच गोल कर टीम को मजबूती दी।

उद्घाटन समारोह में विधायक ओपी श्रीवास्तव, लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, संस्थापक अमित पाण्डेय सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

आज के मुकाबले (10 अप्रैल)

  • काशी किंग्स बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 2:15 बजे
  • गोरखपुर राउडीज बनाम गाजियाबाद पैंथर्स – 3:40 बजे
  • मथुरा ब्रजस्टार बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 5:00 बजे

लीग के पहले दिन के रोमांचक मुकाबलों ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में दर्शकों को और भी कड़े और दिलचस्प मैच देखने को मिलेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *