उप्र: पूर्व छात्र ने शिक्षिका पर किया हमला, मामला दर्ज

GPT से सांकेतिक फोटो

मैनपुरी, पांच फरवरी – उत्तर प्रदेश के मैनपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र में एक पूर्व छात्र ने कथित रूप से अपनी शिक्षिका पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अखंड प्रताप (24) के रूप में हुई है, जो आगरा मार्ग स्थित एक निजी स्कूल का पूर्व छात्र है और वहां 12वीं तक पढ़ चुका था। बताया गया कि वह पिछले कई वर्षों से शिक्षिका का पीछा कर उन्हें परेशान कर रहा था।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक बार-बार उसे डराता-धमकाता था। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि कुछ वर्ष पहले शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) के दौरान छात्र की मां से शिकायत करने के बावजूद आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।

लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और शहर के एक अन्य स्कूल में नौकरी शुरू कर दी, लेकिन आरोपी ने वहां भी कथित तौर पर उसका पीछा करना जारी रखा।

पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि 20 जनवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपी ने ज्योति तिराहा के पास शिक्षिका को रोका और जबरन एक गली में ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे शिक्षिका के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल शिक्षिका को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से सैफई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्लास्टिक सर्जन की अनुपलब्धता के कारण महिला को विशेष उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *