“जनता ने राजनीतिक कचरा हटाया तो स्वच्छ हुआ यूपी” — सीएम योगी

लखनऊ, 01 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 250 इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने “राजनीतिक कचरा” हटाकर बदलाव की नींव रखी, जिसका परिणाम आज स्वच्छता और विकास के रूप में दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अव्यवस्था और अंधेरा पसरा रहता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की और शहरों को आधुनिक एलईडी लाइटों से रोशन किया। उन्होंने कहा, “हम सूर्य के उपासक हैं और लक्ष्मणपुरी (लखनऊ) में सभ्यता और विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।”

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि बीते 9 वर्षों में लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए देश के टॉप-3 शहरों में स्थान बनाया है। अब सरकार ‘नेट जीरो’ लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। हैलोजन लाइटों की जगह एलईडी लाइटों ने शहरों को “दूधिया रोशनी” से जगमगा दिया है, जिससे सुरक्षा और सौंदर्य दोनों में सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 17 नगर निगमों सहित नोएडा और ग्रेटर नोएडा को ‘सेफ सिटी’ परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा गया है। साथ ही, इन्हें ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है। अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा चुका है, जबकि लखनऊ में भी रूफटॉप सोलर पैनलों का विस्तार तेजी से हो रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत प्रदेश में 4.25 लाख से अधिक घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिससे करीब 1500 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है और लोगों के बिजली बिल में कमी आई है।

शहरी परिवहन के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। लखनऊ समेत सात शहरों में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इसका लाभ उठा रहे हैं। साथ ही, इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार किया जा रहा है और शहरों को जोड़ने के लिए इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था की कल्पना भी नहीं थी, लेकिन आज यह व्यवस्था सामान्य हो चुकी है। नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों के जुड़ने से हर वार्ड में कूड़ा प्रबंधन और बेहतर होगा, जिससे “क्लीन सिटी, ग्रीन लखनऊ” का लक्ष्य और मजबूत होगा।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *